Читать книгу एक मोहक चुम्बन. चिरस्थायी विरासत онлайн

4 страница из 14

लैखलेन अपनी शक्तियों के बारे में कभी ज़्यादा बात नहीं करता था, हालांकि कुछ दिनों से वह और भी ज़्यादा चुपचाप रहने लगा था, जो मुआह को ठीक नहीं लग रहा था। समुएल सारे बच्चों में सबसे ज़्यादा चिंताजनक था। वह परिवार को ज़ोर दे कर फ्रांस छोड़ने के लिए कहता था, लेकिन अपनी इस ज़िद के पीछे कोई कारण नहीं बता पाता था।

किस कदर मुआह यह जानने के लिए बेचैन थी कि क्या चल रहा है।

पिछले हफ्ते में उसे तीन आभास हुए थे, लेकिन कुछ समझ में नहीं आया। पहले दो तो तेज़ी से गुज़रते हुए दृश्य थे, जिनमें अनजान औरतें अनजान जगहों पर दिखाई दी थीं। सबसे हाल ही के आभास में उसे अपनी पड़ोस में रहने वाली औरत दिखाई दी। यह वाला आभास थोड़ा ज़्यादा शक्तिशाली और देर तक टिकने वाला था, लेकिन समझ में फिर भी न के बराबर ही आया।

सपने में मुआह की विधवा पड़ोसन, पियाह एक अंधेरे कोने में दुबक कर रो रही थी और किसी से मिन्नतें कर रही थी। “नहीं, प्लीज़। तुम्हें गलतफ़हमी हुई है। प्लीज़,“ उसने मिन्नत की। फिर वह सपना जितनी तेज़ी से आया था, उतनी ही तेज़ी से चला गया। मुआह ने एक धीमी साँस छोड़ी, उस बुरे एहसास को दूर धकेलने के लिए जो उसका दम घोंट रहा था।

“क्या बात है, मुआह? लिली ने मुआह को अपनी हमदर्दी-भरी नज़र में कैद करते हुए हाथों से सूखा आटा झड़ाया। “छिपाने की कोशिश मत करो। मुझे महसूस हो रहा है कि तुम परेशान हो और मेरे ख्याल से हमारे झगड़े से इसका कोई लेना-देना नहीं है।“

Правообладателям